• Sun. Jun 21st, 2026

ग्रेटर नोएडा: पंचिंग मशीन के नाम पर 50 लाख की ठगी में दो पर प्राथमिकी दर्ज

सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने शनिवार को पंचिंग मशीन बेचने के नाम पर करीब 50 लाख रुपये की कथित ठगी करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित वीवीएम इंडस्ट्रीज की प्रतिनिधि ममता त्यागी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी ने केवीएम इंजीनियर्स के माध्यम से जेएफवाइ पंचिंग मशीन खरीदने का अनुबंध किया था। इस संबंध में कंपनी की नेहा झा और अजय मिश्र से 50.74 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। समझौते के अनुसार शत-प्रतिशत अग्रिम भुगतान मिलने के बाद 9 जनवरी 2023 तक मशीन की डिलीवरी दी जानी थी। उनकी ओर से दो किस्तों में पूरी रकम का भुगतान कर दिया गया लेकिन तय समय पर मशीन नहीं मिली।

करीब 45 दिन की देरी के बाद जो मशीन उपलब्ध कराई गई, वह तकनीकी रूप से खराब निकली। शिकायत के मुताबिक बार-बार आपत्ति जताने और दबाव बनाने पर आरोपित 5 सितंबर 2025 को मशीन वापस ले गए तथा 30 सितंबर तक नई मशीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। आरोप है कि इसके बाद न तो नई मशीन दी गई और न ही जमा धनराशि वापस की गई। पीड़िता का कहना है कि मशीन खरीदने के लिए लिए गए बैंक ऋण की करीब 48 लाख रुपये की ईएमआई वह चुका चुकी हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक और मानसिक नुकसान उठाना पड़ा है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )