• Wed. Sep 23rd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

Ghaziabad Encounter: लूटपाट में शामिल बाप-बेटे एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, दोनों के पैरों में लगी गोली

Report By: Amit Rana

गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और लुटेरों के बीच हुई मुठभेड़ में बुधवार देर रात एक बाप-बेटे की जोड़ी को गिरफ्तार किया गया। दोनों देहात इलाके में राह चलती महिलाओं से कुंडल और चेन लूटते थे। पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान दोनों के पैरों में गोली मारी और घायल हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसीपी मसूरी लिपि नगायच ने बताया कि थाना मुरादनगर की पुलिस टीम पेरिफेरल अंडरपास के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान देर रात दुहाई की ओर से एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखे। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे कन्नौजा रोड की ओर तेजी से भागने लगे।

पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की, तभी भागने की कोशिश में उनकी बाइक फिसल गई। जब पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख तमंचे से फायर कर दिया।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों के पैरों में गोली मारी और उन्हें घायल हालत में कस्टडी में लिया। मौके से पुलिस ने एक तमंचा, तीन कारतूस, दो जोड़ी कुंडल और एक प्लेटिना बाइक बरामद की है।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान उमर पुत्र शाहिद और शाहिद पुत्र अख्तर के रूप में हुई है। दोनों गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के गांव कल्लूगाड़ी के निवासी हैं।

पुलिस पूछताछ में उमर ने खुलासा किया कि वह अपने पिता शाहिद के साथ मिलकर अलग-अलग देहात इलाकों में महिलाओं से लूट की घटनाएं अंजाम देता था। बुधवार को ही मुरादनगर में इन्होंने एक महिला से कुंडल लूटे थे। उन्होंने बताया कि यह गैंग अब तक 20 से अधिक महिलाओं को निशाना बना चुका है।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)