• Sat. Sep 26th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: कूड़े के ढेर पर बैग में युवती का शव मिला 

उत्तर प्रदेश के नोएडा में कूड़े के ढेर पर बैग में युवती का शव मिला है। युवती के हाथ-पैर बंधे हुए थे। थाना सेक्टर-142 क्षेत्र की पुलिस जांच में जुटी है। शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

नोएडा के सेक्टर-145 स्थित डंपिंग यार्ड के कूड़े में शनिवार को एक बैग के अंदर युवती का शव मिला। युवती के हाथ-पैर बंधे हुए और चेहरे पर जलने के निशान मिले हैं। शव अर्धनग्न अवस्था में मिला है।

आशंका है कि किसी अन्य जगह हत्या कर शव को डंपिंग यार्ड में ठिकाने लगाया गया है। कूड़ा उठाने के दौरान जेसीबी चालक को बैग दिखा। सूचना पर पहुंची सेक्टर-142 कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मामले की जांच के लिए छह टीमें बनाई गई हैं। 

शनिवार शाम को करीब चार बजे यार्ड में कूड़ा छांटकर अलग करने वाले लोगों को एक बैग दिखा। जेसीबी चालक व सुपरवाइजर ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट व फॉरेंसिक टीम बुलाकर जांच की। 

टीम ने मौके से तथ्य जुटाए। वहीं एडीसीपी सेंट्रल नोएडा संतोष शुक्ला ने बताया कि युवती की उम्र करीब 22 से 25 साल के बीच है। शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शव डंपिंग यार्ड तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी, सर्विलांस, महिला गुमशुदगी, संदिग्ध वाहनों के पंजीकरण के आधार पर जानकारी कर रही है। पुलिस की ओर से अब तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा चुकी है। 

एक-दो गाड़ियां संदिग्ध मिली हैं। पुलिस उस दिशा में भी काम कर रही है। पुलिस संदिग्ध वाहन नंबर का डाटा जुटा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं पर चल रही है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )