नोएडा। बुधवार को नोएडा मीडिया क्लब परिसर में पुराने वर्ष को विदाई और नए वर्ष के स्वागत के लिए भव्य मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
यह आयोजन क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी के नेतृत्व में सनातन संरक्षण कल्याण समिति द्वारा संपन्न हुआ, जिसमें सैकड़ों की संख्या में पत्रकारों ने सहभागिता की। समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने कहा कि वर्ष 2025 की नकारात्मक स्मृतियों को पीछे छोड़ते हुए वर्ष 2026 का स्वागत सकारात्मक ऊर्जा के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्ष में मीडिया क्लब और पत्रकारों के हितों में नए व प्रभावी कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर महासचिव जेपी सिंह ने कहा कि यह समय एकजुटता प्रदर्शित करने का है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि नववर्ष में सभी पत्रकार साथियों की एकजुटता के साथ उनके अधिकारों और हितों की मजबूती से रक्षा की जाएगी और पत्रकारों के लिए नए वर्ष में कई कल्याणकारी योजनाएं लायी जाएंगी, कार्यक्रम के दौरान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार कर वर्ष 2025 को विदाई दी गई और मंगल कामनाओं के साथ वर्ष 2026 का स्वागत किया गया। वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और सौहार्द से परिपूर्ण रहा।