योगी सरकार की सख़्ती के बीच प्रदेशभर में अवैध कब्जों और निर्माणों पर लगातार बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार सुबह ग्रेटर नोएडा के बादलपुर स्थित अच्छेजा गांव में अतिक्रमण हटाने पहुंची ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम को ग्रामीणों और भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा।
सुबह करीब 6 बजे पुलिस फोर्स और आठ जेसीबी मशीनों के साथ पहुंचे दस्ते के सामने ग्रामीण दीवार की तरह खड़े हो गए। करीब दो घंटे तक माहौल तनावपूर्ण रहा, नारेबाजी और बहस जारी रही। अंततः भारी विरोध के कारण प्राधिकरण की टीम को बिना किसी कार्रवाई के वापस लौटना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि वे इस क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों से रह रहे हैं और लगभग 95% भूमि पर निर्माण हो चुका है। उनका आरोप है कि प्राधिकरण मनमाने तरीके से केवल कुछ चुनिंदा खसरा नंबरों को ही कार्रवाई के लिए चुन रहा है, जो उनके लिए अस्वीकार्य है।