ग्रेटर नोएडा के यमुना प्राधिकरण क्षेत्र अंतर्गत जहांगीरपुर के आसफपुर गांव में प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 35 वर्षों से बने अवैध निर्माणों को ढहा दिया।
खुर्जा तहसील प्रशासन की टीम ने गांव के पास खाद के गड्ढों पर खड़े किए गए कच्चे-पक्के मकानों पर बुलडोजर चलाकर सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया। ग्राम प्रधान पति सुदेश चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद सरकारी जमीन पर पड़े पुराने कब्जों को हटाने की प्रक्रिया तेज की गई है।
कार्रवाई से पहले तहसील प्रशासन ने कब्जा धारकों से भूमि संबंधी दस्तावेज मांगे थे, जिसमें पता चला कि आसफपुर क्षेत्र में खाद के गड्ढों पर अवैध निर्माण किए गए हैं। इसके बाद राजस्व विभाग और तहसीलदार की मौजूदगी में बुलडोजर से ढहाकर जमीन को वापस सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज कराया गया।
ग्राम प्रधान ने प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि जल्द ही इस खाली कराई गई भूमि पर एक पार्क विकसित करने की योजना है।