• Sat. Feb 21st, 2026

गुरुग्राम: खेड़कीदौला टोल से दिल्ली बॉर्डर तक हाईवे को किया अतिक्रमण मुक्त

नगर निगम गुरुग्राम की ओर से शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव के नेतृत्व में खेड़की दौला टोल प्लाजा से लेकर दिल्ली बॉर्डर तक संचालित किया गया। अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के मुख्य मार्ग के साथ-साथ सर्विस लेन की भी गहन सफाई कराई गई।

स्वच्छता टीमों ने अभियान के तहत सड़क किनारे जमा मलबा, घरेलू व व्यावसायिक कचरा, प्लास्टिक व अन्य प्रकार के अपशिष्ट को हटाया। निगम अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर सफाई कार्य की निगरानी की और टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अभियान में वरिष्ठ सफाई निरीक्षक संदीप कुमार, सफाई निरीक्षक अमन कुमार, कनिष्ठ अभियंता नवीन बेदी व एनएचएआई से पवन कुमार के साथ-साथ सीएंडडी व स्वच्छता से जुड़ी टीमें शामिल रहीं। सभी विभागों के समन्वय से अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे प्रमुख मार्गों पर स्वच्छता बनाए रखना न केवल शहर की छवि के लिए जरूरी है, बल्कि यातायात सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। निगमायुक्त ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं और नगर निगम के स्वच्छता प्रयासों में सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी हाईवे, प्रमुख सड़कों और सर्विस लेन पर नियमित निगरानी रखी जाएगी तथा अवैध रूप से कचरा या मलबा डालने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )