सेक्टर-21 स्थित नोएडा स्टेडियम को एक एजेंसी को देने की प्रक्रिया के खिलाफ प्रशिक्षक, खिलाड़ियों समेत सैकड़ों लोगों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। स्टेडियम में हुए इस विरोध में खिलाड़ी-प्रशिक्षकों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां ले रखी थीं।नोएडा स्टेडियम के गेट नंबर चार के पास शाम करीब छह बजे सैकड़ों खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल संघ के पदाधिकारी और अभिभावक जुटे और एक एजेंसी को पूरा स्टेडियम देने की प्रक्रिया की शुरुआत का विरोध किया।
इस दौरान नन्हे खिलाड़ियों ने अपने हाथों में ‘वी लव फुटबॉल सेव अवर ग्राउंड’, खेल का निजीकरण बंद करो, खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित करो, खेलों का व्यवसायीकरण बंद करो, खेल का अधिकार सबका अधिकार, नोएडा स्टेडियम खिलाड़ियों का है, किसी एक कंपनी का नहीं, आदि स्लोगन लिखी तख्तियां ले रखी थीं।
खेल संघों के प्रतिनिधि और प्रशिक्षकों ने बताया कि अगर प्राधिकरण एक ही एजेंसी को पूरा स्टेडियम देता है तो कंपनी का स्टेडियम पर एकाधिकार होगा। फिर खिलाड़ी का प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के हित प्राथमिकताओं में नहीं होगा। खेल का व्यवसायीकरण शुरू हो जाएगा, जिससे जरूरतमंद प्रतिभावान खिलाड़ियों की प्रतिभा प्रभावित होगी

