• Wed. Sep 16th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़, सेक्टर-63 पुलिस ने सरगना समेत तीन आरोपियों को दबोचा

कमिश्नरेट पुलिस ने ऑनलाइन मार्केटिंग और खरीदार उपलब्ध कराने के नाम पर देशभर के व्यापारियों और उद्यमियों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए अवैध कॉल सेंटर संचालित करने वाले कंपनी संचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, लैपटॉप, कंप्यूटर सिस्टम, टैक्स इनवॉइस और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को प्रतिष्ठित मार्केटिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताकर कारोबारियों को झांसे में लेते थे। आरोपियों की पहचान गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी रणबीर सिंह, नोएडा के बरौला निवासी ललित कुमार और रणबीर सिंह की पत्नी ज्योति के रूप में हुई है।एडीसीपी सेंट्रल स्वतंत्र सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच एक शिकायत के आधार पर शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पता चला कि सेक्टर-63 स्थित एक कार्यालय से संगठित तरीके से अवैध कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था। यहां से देश के अलग-अलग राज्यों के व्यापारियों और छोटे उद्योग संचालकों को फोन किए जाते थे। उन्हें ऑनलाइन मार्केटिंग, नए खरीदार उपलब्ध कराने, कारोबार बढ़ाने और विभिन्न व्यावसायिक प्रमाणपत्र दिलाने का भरोसा देकर रकम वसूली जाती थी।बनाते थे फर्जी सर्टिफिकेट : जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी व्यापारियों को फर्जी सर्टिफिकेट और दस्तावेज उपलब्ध कराकर उन्हें विश्वास में लेते थे। रकम मिलने के बाद न तो कोई खरीदार उपलब्ध कराया जाता था और न ही वादा पूरा किया जाता था। कई पीड़ितों से लगातार अलग-अलग मदों में धनराशि ली गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और सेक्टर-63 स्थित कार्यालय पर छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )