• Sat. Oct 3rd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

ग्रेटर नोएडा: पंचायत भूमि पर बना अवैध फार्महाउस ढहाया गया, प्रशासन ने जेसीबी चलाकर की सख्त कार्रवाई

Report By: Amit Rana

ग्रेटर नोएडा के दादरी तहसील क्षेत्र स्थित कोट गांव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए एक आलीशान फार्महाउस को गिरा दिया। यह कार्यवाही शनिवार को की गई, जिसमें प्राधिकरण, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने हिस्सा लिया।

प्रशासन को शिकायत मिली थी कि गांव कोट में ग्राम समाज की भूमि पर एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर फार्महाउस खड़ा कर दिया है। जांच में पुष्टि होने के बाद तुरंत एक्शन लेने का निर्णय लिया गया।

शनिवार सुबह जेसीबी मशीन के साथ टीम मौके पर पहुंची और फार्महाउस को ढहाना शुरू कर दिया। इस दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था। कार्रवाई के दौरान मौके पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार और प्राधिकरण के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पंचायत या ग्राम समाज की जमीन पर किसी भी प्रकार का निजी निर्माण गैरकानूनी है और भविष्य में भी इस तरह के मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने यह भी बताया कि ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा करने वालों को पहले भी कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन जब कब्जा हटाने की बात नहीं मानी गई, तो सख्त कदम उठाना पड़ा।

प्रशासन ने स्थानीय लोगों को चेतावनी दी है कि वे इस तरह के किसी भी अवैध निर्माण से बचें। यदि किसी ने ग्राम समाज या सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है, तो वे स्वयं उसे खाली कर दें, अन्यथा प्रशासन बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर देगा।

यह कार्रवाई यह संदेश देती है कि सरकारी या पंचायत भूमि पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में छोड़ा नहीं जाएगा।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)