नई दिल्ली: चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष और सरकार के बीच विवाद एक बार फिर तेज हो गया। मंगलवार को INDIA ब्लॉक के सांसद संसद से चुनाव आयोग के दफ्तर की ओर मार्च करने निकले। विपक्षी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
सांसदों का मार्च आगे बढ़ता, उससे पहले ही दिल्ली पुलिस ने संसद मार्ग के पास बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसद वहीं सड़क पर बैठ गए और धरना शुरू कर दिया।
राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब इस्तीफा देने का वक्त आ गया है। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर नारे भी लगाए।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। बाद में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कुछ अन्य विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR में गड़बड़ियां हुई हैं। हालांकि, चुनाव आयोग इन आरोपों को खारिज कर चुका है।

