इंदिरापुरम क्षेत्र में सड़कों पर लगी एलईडी स्ट्रीट लाइटों को समय से ऑन ऑफ करने के लिए नगर निगम की ओर से आईओटी बॉक्स लगाए जाएंगे। इसके लिए निगम की ओर से टेंडर जारी किया गया है। शहर में यह व्यवस्था मुख्य मार्गों के साथ साथ शहर की आंतरिक सड़कों पर भी लागू की जाएगी। प्रकाश प्रभारी आश कुमार ने बताया कि अभी तक कई जगहों पर दिन में भी स्ट्रीट लाइटें जलती रहती थीं और कई बार रात के समय लाइटें बंद मिली थीं।
इससे एक ओर बिजली की बेवजह खपत हो रही थी तो दूसरी ओर रात में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। आईओटी बॉक्स की स्थापना के बाद स्ट्रीट लाइटों को तय समय के अनुसार स्वचालित तरीके से संचालित किया जा सकेगा। इस सिस्टम से लाइटों की निगरानी आसान होगी और खराब लाइटों की जानकारी भी तुरंत मिल सकेगी। इससे बिजली की बचत होगी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था में भी सुधार आएगा। यह टेंडर तकनीकी व्यवस्था को बेहतर करने के लिए जारी किया गया है।