• Wed. Sep 16th, 2026

शिशुओं के साथ सफर करने वाली महिलाओं को मिलेगी सुविधा, MSRTC बस स्टैंड पर बनाएगा 125 हिरकणी कक्ष

शिशुओं के साथ यात्रा करने वाली महिला यात्रियों की सुविधा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए MSRTC बस स्टैंड पर हिरकणी कक्ष यानी स्तनपान के लिए विशेष कमरे बनाए जाएंगे। इस सुविधा को शुरू करने के लिए महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) ने टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के साथ एक एमओयू साइन किया है। इसके तहत राज्य के अलग-अलग बस स्टेशनों पर कुल 125 हिरकणी कक्ष या स्तनपान के लिए विशेष पॉड तैयार किए जाएंगे।

MSRTC के मुताबिक, इन पॉड का आकार करीब 3m x 3m होगा। इनमें जरूरी फर्नीचर, फिक्स्चर और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। MSRTC की ओर से प्रत्येक पॉड के लिए लगभग 5m x 5m जगह के साथ बिजली और पानी का कनेक्शन भी मुहैया कराया जाएगा। इन पॉड को तीन वर्षों में चरणबद्ध तरीके से स्थापित किया जाएगा। वर्ष 2026-27 में 50 पॉड, 2027-28 में 50 पॉड और 2028-29 में 25 पॉड बनाए जाएंगे।

सरनाइक बोले- माताओं को मिलेगी सुरक्षित और निजी जगह

महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सफर के दौरान स्तनपान कराने वाली माताओं को साफ, सुरक्षित और निजी स्थान उपलब्ध कराना है। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की सीएसआर पहल के तहत इन पॉड का पूरा खर्च वहन किया जाएगा। इनमें फर्नीचर, बिजली की फिटिंग के साथ बच्चों की देखभाल से संबंधित सुविधाएं भी मौजूद होंगी।

महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री और MSRTC के चेयरमैन प्रताप सरनाइक ने बताया कि इन पॉड के संचालन, सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी MSRTC की होगी। उन्होंने कहा कि बस स्टेशनों पर स्तनपान कराने वाली माताओं के आराम और सुरक्षा को सुनिश्चित करना एक महत्वपूर्ण कदम है। हिरकणी कक्ष महिलाओं की विशेष जरूरतों को समझने और ST सिस्टम को अधिक यात्री-केंद्रित बनाने के MSRTC के संकल्प को भी दर्शाता है।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)