• Sun. Feb 1st, 2026

मुंबई में बनेगा देश का सबसे बड़ा सेंट्रल पार्क, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का ऐलान

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने मुंबई और ठाणे के लिए एक बड़ी सौगात का ऐलान किया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से मुंबई की पहचान और स्वरूप दोनों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उपमुख्यमंत्री ने महालक्ष्मी रेसकोर्स और कोस्टल रोड की खाली जमीन को मिलाकर करीब 2950 एकड़ क्षेत्र में एक विश्वस्तरीय सेंट्रल पार्क विकसित करने का निर्णय लिया है। प्रस्तावित सेंट्रल पार्क का खाका उनके समक्ष प्रस्तुत किया गया।

इस परियोजना पर करीब 700 से 750 करोड़ रुपये के खर्च का अनुमान है। इस अवसर पर मुंबई महानगरपालिका आयुक्त भूषण गगराणी और प्रसिद्ध आर्किटेक्ट हाफिज कॉन्ट्रैक्टर भी मौजूद रहे। इसे मुंबईकरों के लिए अब तक की सबसे बड़ी नागरिक सौगात माना जा रहा है। योजना के तहत सेंट्रल पार्क को भूमिगत मार्ग के जरिए सीधे कोस्टल रोड से जोड़ा जाएगा। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने स्पष्ट किया कि महालक्ष्मी रेसकोर्स और उसकी ऐतिहासिक विरासत से किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी।

महालक्ष्मी रेसकोर्स की लगभग 1250 एकड़ भूमि और कोस्टल रोड की 170 एकड़ जमीन को मिलाकर यह विशाल सेंट्रल पार्क तैयार किया जाएगा। पार्क के नीचे करीब 10 लाख वर्ग फुट में एक अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी विकसित किया जाएगा। इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेलों के साथ-साथ खो-खो और कबड्डी जैसे पारंपरिक भारतीय खेलों की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि यह पूरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पर्यावरण के अनुकूल होगा।

एकनाथ शिंदे ने कहा कि सेंट्रल पार्क में घूमते हुए लोग घुड़दौड़ का आनंद भी ले सकेंगे। उन्होंने यह भी साफ किया कि पार्क की जमीन पर फुटपाथ के अलावा कोई निर्माण नहीं किया जाएगा और पूरा क्षेत्र हरित उद्यान के रूप में विकसित होगा। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए सेंट्रल पार्क को 1200 मीटर लंबे भूमिगत मार्ग से कोस्टल रोड से जोड़ा जाएगा, जिसके लिए 550 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है। इस पूरी परियोजना का डिजाइन आर्किटेक्ट हाफिज कॉन्ट्रैक्टर ने तैयार किया है।

पार्क की कनेक्टिविटी को लेकर मुंबई महानगरपालिका आयुक्त भूषण गगराणी ने बताया कि मेट्रो लाइन-3 का ‘नेहरू विज्ञान केंद्र’ स्टेशन सेंट्रल पार्क का सबसे नजदीकी स्टेशन होगा। इस स्टेशन को भूमिगत मार्ग के जरिए सीधे पार्क से जोड़ा जाएगा। यह मार्ग अन्नी बेझंट रोड होते हुए हाजी अली तक जाएगा, जहां पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी और आगे यह कोस्टल रोड से भी जुड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस भूमिगत कनेक्टिविटी से सेंट्रल पार्क और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आने वाली भीड़ को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा। कोस्टल रोड पर मौजूद पार्किंग में लगभग 1200 कारों और 100 बसों के खड़े होने की व्यवस्था होगी।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)