मुंबई EOW ने गुजरात से 56 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 30 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी करने का आरोप है। जांच के मुताबिक, आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाने के लिए विग का इस्तेमाल किया और अलग-अलग जगहों पर तीन अलग नामों से पहचान बनाई।आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी रोशन भूषण सेठ का पता लगाया। जांच टीम को उसके वलसाड की एक रिहायशी इमारत में मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद अधिकारियों ने तीन दिनों तक उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। आखिरकार सफाई कर्मचारियों का रूप धारण कर टीम उसके फ्लैट तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
EOW अधिकारी के अनुसार, सेठ ने कथित धोखाधड़ी से हासिल रकम का इस्तेमाल महंगे फ्लैट, लग्जरी कारें और कीमती घड़ियां खरीदने में किया। आरोप है कि उसने महाराष्ट्र और गुजरात के 42 लोगों को हर महीने निवेश पर पांच प्रतिशत मुनाफा देने का भरोसा दिलाकर अपने जाल में फंसाया।एक अधिकारी ने बताया कि सेठ की गिरफ्तारी जुलाई में गुजरात के वलसाड की एक रिहायशी इमारत से की गई थी।जांच एजेंसी के मुताबिक, निवेशकों को प्रभावित करने के लिए सेठ कथित तौर पर फर्जी प्रॉफिट स्टेटमेंट दिखाता था। वह उन्हें विश्वास दिलाता था कि उनका पैसा शेयर बाजार में लगाया जा रहा है।
मामले में कुल मूल निवेश करीब पांच करोड़ रुपये बताया गया है, जबकि निवेशकों को हुआ कुल नुकसान लगभग 30.26 करोड़ रुपये आंका गया है।मामले का खुलासा तब हुआ जब कांदिवली निवासी संजय हीरालाल शाह ने अप्रैल में मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती से शिकायत की। शाह ने आरोप लगाया कि उनके परिवार के साथ 10.81 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई है।जांच के दौरान EOW को पता चला कि सेठ ने साल 2020 में शाह के सॉफ्टवेयर इंजीनियर बेटे से संपर्क बढ़ाया था। उसने ‘इन्वेस्टाक’ नाम का ट्रेडिंग ऐप तैयार करने की बात कहकर उससे दोस्ती की थी। आरोप है कि इसके बाद उसने परिवार को बड़ी रकम निवेश करने के लिए राजी किया। इसी तरीके से उसने दूसरे लोगों को भी निवेश के लिए आकर्षित किया।सेठ की पहचान छिपाने का तरीका भी जांच में सामने आया। जानकारी के मुताबिक, युवावस्था में वह जयेश हसमुखभाई शाह के नाम से जाना जाता था। दिल्ली में रहते समय उसने राहुल अतुलभाई पारेख नाम का इस्तेमाल किया, जबकि मुंबई में उसकी पहचान रोशन भूषण सेठ के तौर पर थी।पुलिस ने आरोपी के पास से एक BMW, एक Mercedes और एक Mahindra Thar बरामद की है। इसके अलावा 14 महंगी घड़ियां, 1.67 करोड़ रुपये कीमत के सोने के आभूषण और 17 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए ह

