नोएडा में एक युवक ने पत्नी से चल रहे विवाद को खत्म करने और उसे खुश करने के लिए ऐसा कदम उठाया, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। उसने सेक्टर-18 की पार्किंग से एक कार चोरी की और उसे लेकर एटा पहुंच गया। वहां उसने अपनी पत्नी से कहा कि वह कार खरीदकर लाया है। हालांकि, कार चोरी की शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से चोरी की कार के साथ फर्जी नंबर प्लेट भी मिली।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान 22 वर्षीय अरुण पुत्र अखिलेश के रूप में हुई है। वह मूल रूप से एटा के बागवाला थाना क्षेत्र के सोनसा गांव का रहने वाला है। फिलहाल वह नोएडा के सेक्टर-63 स्थित छिजारसी में किराये पर रह रहा था और यहां ड्राइवर की नौकरी करता था।
इंटरव्यू देने गई युवती की कार हुई चोरी
यह मामला 12 सितंबर का है। गाजियाबाद की रहने वाली एक टैटू आर्टिस्ट युवती ने अपनी हुंडई एक्सटर को सेक्टर-18 की पार्किंग में खड़ा किया था। इसके बाद वह इंटरव्यू के लिए चली गई। जब वह वापस आई तो पार्किंग में उसकी कार नहीं थी। युवती की शिकायत के आधार पर सेक्टर-20 थाने में कार चोरी का केस दर्ज किया गया।
पुलिस पूछताछ में अरुण ने बताया कि उसका पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। वह उसे मनाना चाहता था और पत्नी को प्रभावित करने के लिए उसके पास कार लेकर जाना चाहता था। इसी वजह से उसने पार्किंग से कार चोरी की। कार लेकर वह एटा पहुंचा और पत्नी को बताया कि उसने इसे खरीदा है।
केस दर्ज होते ही बंद कर दिया मोबाइल
जब अरुण को पता चला कि चोरी की कार को लेकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, तो वह कन्नौज में अपनी बहन के घर चला गया। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया था।
इसके बाद सेक्टर-20 थाना पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए उसकी तलाश शुरू की। 13 सितंबर को पुलिस ने अट्टापीर से DLF मॉल की ओर जाने वाले रास्ते के पास एक खाली प्लॉट के नजदीक से अरुण को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से हुंडई एक्सटर बरामद की। कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जबकि उसकी असली नंबर प्लेट डिग्गी में रखी मिली। बरामद कार का वास्तविक नंबर UP14GB1456 है, जबकि उस पर UP16C0007TC/02 की फर्जी नंबर प्लेट लगी थी।
पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

