• Tue. Sep 15th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: लगभग 5 लाख श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में भाग लेकर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।

इस्कॉन नोएडा मंदिर में शनिवार, 16 अगस्त 2025 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर देश-विदेश से आए लगभग 5 लाख श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में भाग लेकर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।

मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे पुष्पों, पारंपरिक सज्जा, भव्य पंडालों और दिव्य प्रकाश से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्त्री एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग पंक्तियों की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के लिए डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और हैंड हेल्ड डिटेक्टर की सहायता से सभी आगंतुकों की जाँच की गई।

इस वर्ष भगवान श्रीकृष्ण को तीन नई पोशाकें और नवीन आभूषण अर्पित किए गए, जिन्हें मंदिर के प्रशिक्षित भक्तों ने पिछले चार महीनों में प्रेमपूर्वक तैयार किया था। भगवान को गुलाब, चमेली, जूही, चम्पा, गेंदा, ऑर्किड, कॉर्नेशन, रजनीगंधा आदि सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं।

भगवान को इस अवसर पर 500 से अधिक प्रकार के भोग अर्पित किए गए, जिनमें माखन मिश्री के साथ-साथ देश-विदेश के विविध व्यंजन जैसे केक, बिस्किट, पेस्ट्री, पेटीज, पिज़्ज़ा, पास्ता, लज़ानिया, टैकोज़, परांठे, पूरी, कचौड़ी, लड्डू, खीर, शेक, मिठाइयाँ एवं नमकीन शामिल थे। ये सभी व्यंजन मंदिर से जुड़ी 30 से अधिक सिद्धहस्त महिलाएं द्वारा मंदिर की रसोई में तैयार किए गए, जो विगत 20 वर्षों से सेवा में संलग्न हैं। उन्होंने माता यशोदा की भांति भावपूर्वक हरे कृष्ण महामंत्र का कीर्तन करते हुए भगवान के लिए भोग बनाया।

पूरे दिन श्रद्धालु प्रातः 4:30 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक भगवान के दर्शन, कीर्तन एवं प्रसाद का लाभ लेते रहे। भगवान का पंचगव्य अभिषेक, भव्य झांकी दर्शन और संगीतमय कीर्तन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

सायं 6 बजे से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मंदिर के भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित नृत्य-नाटिकाएं प्रस्तुत कीं। इस आयोजन में 1000 से अधिक सेवादारों ने नोएडा प्राधिकरण एवं पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्था को सफलतापूर्वक संचालित किया।

यह महोत्सव न केवल एक धार्मिक आयोजन था, बल्कि यह भक्ति, सेवा और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत उदाहरण बन गया। इस्कॉन नोएडा सभी श्रद्धालुओं, सेवादारों और प्रशासनिक सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त करता है, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )