• Sun. Sep 27th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: एकतरफा प्यार के चलते पड़ोसी ने सो रहे परिवार पर धारदार हथियार से हमला किया

नोएडा के सेक्टर-5 हरौला में शनिवार रात सो रहे परिवार पर छुरे (धारदार हथियार) से हमला किया गया। इसमें धारदार हथियार के गहरे वार से महिला की मौत हो गई। वहीं उसका पति व दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। हमले का आरोप पड़ोस में एसी रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले एक युवक पर लगा है। बताया जा रहा है कि युवक ने मृतका की बेटी से रिश्ते का प्रस्ताव रखा था, जिसे परिवार से इनकार कर दिया था। इससे पहले भी यह सिरफिरा युवक एकतरफा प्यार में कई बार परिवार को परेशान कर चुका था। घटना के बाद आरोपी फरार है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।

फेज-1 थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से बिहार के छपरा निवासी सुरेंद्र शर्मा परिवार सहित हरौला गांव में किराए पर रहते हैं। वह केयर टेकर का काम करते हैं। परिवार में पत्नी संजू देवी, बेटियां ज्योति और जूली शामिल हैं। बरेली निवासी हरे नाम यादव उम्र करीब 24 साल पास में किराए पर रहकर एसी सर्विसिंग की दुकान चलाता है। हरे नाम का सुरेंद्र की बेटी के साथ एकतरफा प्यार में था। कुछ समय पहले युवती के परिवार के सामने शादी का प्रस्ताव भी रखा था, लेकिन परिवार ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया था।

शनिवार रात परिवार के चारों सदस्य मकान की पहली मंजिल की छत पर सो रहे थे। आरोप है कि देर रात हरे नाम वहां पहुंचा और सो रहे परिवार पर अचानक छुरे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसमें 40 वर्षीय संजू देवी के शरीर पर कई वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ज्योति के सीने में चाकू लगा, जबकि उसकी बहन जूली के पैर में चोट आई है। सुरेंद्र शर्मा भी हमले में घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पिता- बेटियों की हालत गंभीर है, एक बेटी आईसीयू में है।

वहीं सूचना मिलने पर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना कि आरोपी का नाम प्रकाश में आ चुका है। एकतरफा प्रेम व आरोपी सिरफिरा है। गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जा रही है। हत्या और हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी फेज-1 थाना पुलिस ने दर्ज की है। थाना प्रभारी अमित मान ने बताया कि अब तक की जांच में यह सामने आया है कि आरोपी सिरफिरा किस्म का है। छुरानुमा बड़ा चाकू उसने हाथ में लिया हुआ था जिससे हमला किया है। 

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )