• Tue. Feb 17th, 2026

नोएडा: सीसीटीवी से हुआ खुलासा: चार बच्चों की मां को नहीं हो रही थी संतान, डेढ़ साल की बच्ची का किया अपहरण

Report By : ICN Network

बिसरख कोतवाली पुलिस ने डेढ़ साल की बच्ची के अपहरण के आरोप में एक दंपति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया है। आरोपियों की पहचान रेनू और दिनेश के रूप में हुई, जो बच्ची को लेकर हरियाणा फरार हो गए थे।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा, शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि 16 मार्च को बिसरख क्षेत्र की गौर सिटी 14 एवेन्यू में घरेलू सहायिका रीता की डेढ़ वर्षीय बेटी सोम्या अचानक लापता हो गई। रीता ने बिसरख थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी सहकर्मी रेनू और उसके साथी दिनेश बिना बताए बच्ची को अपने साथ ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें रेनू को बच्ची को गोद में लिए जाते देखा गया। सर्विलांस और स्थानीय सूत्रों की मदद से पुलिस को जानकारी मिली कि रेनू और दिनेश पहले ईंट-भट्टों पर काम करते थे। इसके बाद पुलिस ने कासगंज, अलीगढ़, संत कबीरनगर, गाजियाबाद, राजस्थान और हरियाणा के कई ईंट-भट्टों पर सर्च ऑपरेशन चलाया, जिससे दोनों की गिरफ्तारी संभव हो सकी।

आखिरकार पुलिस को सूचना मिली कि हरियाणा के भिवानी जिले के खोड़ी इलाके में एक महिला और पुरुष एक छोटी बच्ची के साथ काम कर रहे हैं। वे नोएडा जाने वाले हैं। इस सूचना के आधार पर 22 मार्च को पुलिस ने बिसरख स्थित आम्रपाली रिवर व्यू सोसाइटी से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ के दौरान रेनू ने खुलासा किया कि उसकी शादी 25 साल पहले राजवीर से हुई थी, जिससे उसके चार बच्चे हैं। लेकिन चार साल पहले दिनेश से मुलाकात के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। इसके चलते रेनू ने अपने पति और बच्चों को छोड़ दिया और दिनेश के साथ नोएडा में रहने लगी। हालांकि, लंबे समय तक साथ रहने के बावजूद उन्हें संतान नहीं हुई, जिससे वे मानसिक तनाव में थे। इसी वजह से उन्होंने मिलकर रीता की बेटी सोम्या को अगवा करने की योजना बनाई।

अपहरण के बाद पुलिस से बचने के लिए दोनों ने अपने मोबाइल और सिम कार्ड तोड़कर फेंक दिए, ताकि उन तक कोई सुराग न पहुंच सके।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेनू (निवासी नगला जार, थाना इगलास, अलीगढ़) और दिनेश (निवासी ग्राम अमृतपुर भोडा, थाना सिंडराऊ, हाथरस) के रूप में हुई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया और दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)