• Fri. Feb 13th, 2026

नोएडा में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 18 सेक्टरों और प्रमुख मार्गों से अवैध कब्जे साफ

नोएडा को जाममुक्त बनाने और सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण ने गुरुवार को बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। 12 फरवरी 2026 को वर्क सर्किल-1 से 10 के अंतर्गत कई सेक्टरों और मुख्य मार्गों पर अभियान चलाकर अवैध वेंडर्स, ठेली-पटरी और अस्थायी कब्जों को हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान सेक्टर-44, 45, 62, 66, 67, 68, 70, 80, 81, 121, 135 और 150 के साथ-साथ एमपी-3 मार्ग, एफएनजी मार्ग, फेस-2, नगला चरणदास टी-प्वाइंट, सेक्टर-87 की कैंट रोड और सेक्टर-108 के वाणिज्यिक क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया गया। टीम ने सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से लगाए गए वेंडर्स को हटाकर यातायात को सुचारु करने का प्रयास किया।

अधिकारियों के मुताबिक, जनमानस, आरडब्ल्यूए, फोनर्वा और औद्योगिक संगठनों की ओर से लगातार अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए अभियान को तेज किया गया।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित रखने के लिए यह अभियान अब नियमित रूप से जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे अतिक्रमण न करें और शहर को सुव्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग दें।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)