• Tue. Sep 15th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा की पुरानी सोसायटियों को मिलेगा नया जीवन, रीडेवेलपमेंट पॉलिसी 2025 तैयार

Report By : ICN Network

नोएडा: शहर की कई पुरानी और जर्जर हो चुकी हाउसिंग सोसायटियों के लिए राहत भरी खबर है। नोएडा अथॉरिटी ने रीडेवेलपमेंट पॉलिसी 2025 का मसौदा तैयार कर लिया है। इस नीति के तहत पुरानी बिल्डिंग्स को गिराकर दोबारा आधुनिक इमारतों के रूप में बनाया जाएगा, जिसमें बड़े और सुविधाजनक फ्लैट दिए जाएंगे।

सबसे बड़ी बात यह है कि इस योजना में शामिल सोसायटी के निवासियों को नए फ्लैट मिलने तक फ्री किराए का बंदोबस्त (Rent-Free Stay) भी किया जाएगा। यानी जब तक निर्माण कार्य चलेगा, तब तक उनके रहने का पूरा खर्च डिवेलपर उठाएगा।

नोएडा में लगभग 95 हाउसिंग सोसायटीज़ ऐसी हैं, जो 25 साल या उससे अधिक पुरानी हो चुकी हैं। इनमें से अधिकतर की संरचना जर्जर हो चुकी है और भविष्य में हादसों की संभावना बनी हुई है। इन सोसायटियों को रीडेवेलपमेंट स्कीम में प्राथमिकता दी जाएगी।

नई योजना के तहत लोगों को पहले से बड़े फ्लैट मिलेंगे और उनकी सोसायटी में लिफ्ट, पार्किंग, कम्युनिटी हॉल, सीसीटीवी और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। डेवेलपर को अधिक फ्लोर बनाने की मंजूरी दी जाएगी ताकि उसे भी मुनाफा हो सके।

नोएडा प्राधिकरण ने इस मसौदे को सार्वजनिक कर दिया है और लोगों से 10 दिन के भीतर सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं। इसके बाद इसे अंतिम रूप देकर लागू कर दिया जाएगा।

यह योजना ना सिर्फ रेजिडेंट्स के लिए फायदेमंद है, बल्कि डेवलपर्स को भी आकर्षित करेगी। एक ओर जहां निवासियों को नया और सुरक्षित घर मिलेगा, वहीं डेवेलपर को अतिरिक्त फ्लैट बेचकर आर्थिक लाभ होगा।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)