• Mon. Feb 2nd, 2026

गुड न्यूज! नोएडा में पासपोर्ट बनवाना अब होगा आसान, नहीं लगेंगी लंबी लाइनें — आवेदन और वेरिफिकेशन प्रक्रिया होगी तेज

गौतमबुद्ध नगर के निवासियों के लिए पासपोर्ट बनवाना अब पहले से कहीं अधिक सरल हो गया है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों को अब लंबे इंतजार या अन्य शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, क्योंकि नोएडा सेक्टर-19 स्थित हेड पोस्ट ऑफिस में पासपोर्ट सेवा केंद्र का विस्तार कर दिया गया है।

इस विस्तार के बाद अब यहां पासपोर्ट आवेदन और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया और भी तेज और सुविधाजनक हो गई है। केंद्र में नई मशीनें, जरूरी उपकरण और अतिरिक्त काउंटर स्थापित किए गए हैं ताकि आवेदकों को बिना देरी बेहतर सेवा मिल सके।

सीनियर पोस्ट मास्टर मनोज कुमार ने बताया कि जल्द ही दो और नई मशीनें लगाई जाएंगी और अतिरिक्त संसाधन बढ़ाए जाएंगे। इसके साथ ही तीन नए काउंटर शुरू किए जाएंगे, जिससे कुल पांच काउंटरों पर काम होगा। नई व्यवस्था के बाद प्रतिदिन पांच गुना अधिक आवेदन निपटाए जा सकेंगे।

अभी तक केवल 45 आवेदन स्वीकार किए जाते थे, जिनमें से 90 आवेदकों को सत्यापन के लिए बुलाया जाता था। लेकिन काउंटरों की संख्या बढ़ने के बाद रोजाना 250 से अधिक आवेदन स्वीकार किए जा सकेंगे।

मनोज कुमार ने बताया कि पहले अपॉइंटमेंट स्लॉट सीमित होने के कारण लोगों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था, लेकिन केंद्र के विस्तार के बाद स्लॉट बुकिंग तेज हो गई है। अधिक काउंटर और मशीनों के कारण आवेदन प्रक्रिया भी तेजी से पूरी होने लगी है।

सबसे बड़ा फायदा यह है कि अब नोएडा के लोगों को पासपोर्ट संबंधी सेवाओं के लिए गाजियाबाद नहीं जाना पड़ेगा। अब सारी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हैं।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)