• Sat. Oct 3rd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा में बड़ा साइबर खेल! कंपनी का सर्वर हैक कर 11 करोड़ रुपये से कर डाली ट्रेडिंग

नोएडा में साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सेक्टर-63 की एक कंपनी का सर्वर हैक करके आरोपियों ने उसके ग्राहकों के ट्रेडिंग अकाउंट तक पहुंच बनाई और करीब 11 करोड़ रुपये के संभावित अवैध फायदे वाला खेल कर दिया।

मामला 17 जून 2026 की रात का बताया जा रहा है। आरोप है कि रात करीब 10:30 से 11:30 बजे के बीच जालसाजों ने कंपनी के सिस्टम और उसके रजिस्टर्ड स्टैटिक IP का गलत तरीके से इस्तेमाल किया। इसके बाद सर्वर के जरिए MCX ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म तक पहुंच बनाई गई।

हैकर्स ने कुल 7 ग्राहकों के ट्रेडिंग अकाउंट में सेंध लगाकर कम लिक्विडिटी वाले सिल्वर ऑप्शंस में करीब 1,238 ऑर्डर किए। इन ऑर्डर्स के जरिए लगभग 5,559 कॉन्ट्रैक्ट्स में अनधिकृत ट्रेडिंग की गई।

मामले की जांच के दौरान CERT-In की फॉरेंसिक ऑडिट रिपोर्ट में कीमत और ट्रेडिंग वॉल्यूम में हेरफेर का पैटर्न सामने आया। रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ पांच मिनट में सिल्वर ऑप्शन की कीमत 174 रुपये से बढ़कर 2,300 रुपये तक पहुंच गई।

जांच में करीब 12 करोड़ रुपये के ऑप्शन प्रीमियम के इस्तेमाल और लगभग 11 करोड़ रुपये का संभावित अवैध लाभ होने का अनुमान सामने आया है।

पुलिस ने इस मामले में अंकित राय नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। उसे 4 सितंबर को कोर्ट में पेश किया गया और फिलहाल वह जमानत पर बाहर है।

इस पूरे मामले में जिन ग्राहकों के अकाउंट का इस्तेमाल हुआ, उन्हें भारी आर्थिक नुकसान होने की बात सामने आई है। हालांकि, अभी तक उनकी रकम वापस मिलने को लेकर स्थिति साफ नहीं है।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)