नोएडा की सुपरनोवा सोसाइटी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन की मौत के मामले में जांच के दौरान कई अहम बातें सामने आई हैं। पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, संभव पिछले कुछ महीनों से निजी और पारिवारिक परेशानियों के कारण तनाव में थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि संभव अपने परिवार के संपर्क में थे और उनके पिता उन्हें लगातार समझाने की कोशिश कर रहे थे। घटना से पहले वह परिजनों के फोन का जवाब भी नहीं दे रहे थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, संभव की शादीशुदा जिंदगी में भी परेशानी चल रही थी। इसके अलावा बच्चे की सेहत से जुड़ी चिंताओं और इलाज के खर्च ने भी उन पर आर्थिक दबाव बढ़ाया था। इन सभी परिस्थितियों के कारण वह काफी मानसिक तनाव में बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने उनके मोबाइल फोन को जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है। आखिरी बातचीत, चैट और उनके द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना से पहले की स्थिति को बेहतर तरीके से समझा जा सके।
पुलिस की जांच अभी जारी है। फिलहाल परिवार की ओर से मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव बताई गई है।

