गौतमबुद्ध नगर में 15 जुलाई से नॉर्थ जोन सीबीएसई क्लस्टर खेल प्रतियोगिताओं का आगाज होगा। सत्र 2026-27 की इन प्रतियोगिताओं को लेकर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने स्पोर्ट्स पोर्टल दोबारा लाइव कर दिया है। अब स्कूल और खिलाड़ी ऑनलाइन पंजीकरण कर प्रतियोगिताओं में भागीदारी सुनिश्चित कर सकेंगे। बोर्ड ने आवेदन और पंजीकरण की अंतिम तिथि 14 जुलाई तय की है। सीबीएसई की ओर से जारी सूचना के अनुसार, प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी स्कूलों और खिलाड़ियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। 14 जुलाई तक आवेदन करने वाले स्कूलों पर किसी प्रकार का विलंब शुल्क नहीं लगेगा। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार क्लस्टर प्रतियोगिताएं 15 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक विभिन्न खेलों में आयोजित होंगी।
इसे लेकर जिले के स्कूलों में तैयारियां तेज हो गई हैं और खिलाड़ी अभ्यास में जुट गए हैं।सभी अपडेट स्पोर्ट्स पोर्टल में उपलब्ध -सीबीएसई के अतिरिक्त निदेशक (खेल) डॉ. मंजीत सिंह ने बताया कि संशोधित खेल कैलेंडर और प्रतियोगिताओं से जुड़े सभी अपडेट स्पोर्ट्स पोर्टल के ”लेटेस्ट अनाउंसमेंट” सेक्शन में उपलब्ध हैं। उन्होंने स्कूलों और खिलाड़ियों से नियमित रूप से पोर्टल देखने की अपील की है। साथ ही सलाह दी है कि यात्रा टिकट या अन्य व्यवस्थाएं करने से पहले संबंधित आयोजन स्थल और मेजबान स्कूल से प्रतियोगिता की तिथि की पुष्टि अवश्य कर लें, क्योंकि कार्यक्रम में आवश्यकता पड़ने पर बदलाव संभव है।

