• Sun. Jul 26th, 2026

नोएडा: कई सेक्टरों में शनिवार को हुई बारिश के कारण बिजली व्यवस्था ध्वस्त

शहर के कई सेक्टरों में शनिवार को हुई बारिश के कारण बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। बीस से ज्यादा सेक्टरों में पांच घंटे से ज्यादा तक बिजली गुल रही। इससे उपभोक्ताओं को भी काफी परेशानी हुई। लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। विद्युत निगम ने गर्मी शुरू होने से पहले आंधी-बारिश में भी निर्बाध आपूर्ति देने का आश्वासन दिया था। करोड़ों रुपये से इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के बाद भी बारिश होते ही आपूर्ति डगमगा रही है। सेक्टर-23 निवासी हिमांशी त्यागी ने बताया कि बिजली न होने की वजह से सुबह की दिनचर्या प्रभावित हो गई।

दोपहर बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। सेक्टर-49 निवासी सुदीप मान ने बताया रात के समय से ही बिजली कटौती होने लगी। जब कंट्रोल रूम पर शिकायत की तो कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। सेक्टर-5 निवासी राजीव यादव ने बताया कि बिजली के कारण रोजाना दिक्कत होती है। वहीं अधीक्षण अभियंता तकनीकी विवेक कुमार ने बताया जिन जगहों से शिकायतें प्राप्त हुई थीं, वहां टीम ने पहुंचकर आपूर्ति बहाल कर दी थी

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )