• Tue. Sep 29th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

दिल्ली: गर्मी में घंटों इंतजार से मिलेगी निजात, 85 शेड और मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट देंगी राहत

नीट यूजी देने वाले विद्यार्थियों के साथ अब उनके अभिभावकों को भी भीषण गर्मी और लंबे इंतजार से राहत मिलेगी। दिल्ली सरकार ने 21 जून को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के लिए राजधानी के 97 परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों और परिजनों के लिए विशेष कूलिंग जोन बनाने का फैसला किया है। इन जगहों पर बैठने की सुविधा के साथ पानी, ओआरएस, शिकंजी, चाय और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हर साल लाखों परिवार अपने बच्चों के भविष्य के सपनों के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचते हैं। परीक्षा के दौरान विद्यार्थी तो केंद्र के अंदर चले जाते हैं, लेकिन बाहर खड़े अभिभावकों को कई घंटे धूप और गर्मी में इंतजार करना पड़ता है। सरकार ने इस परेशानी को देखते हुए पहली बार उनके लिए भी आराम और प्रतीक्षा की व्यवस्था की है। अब अभिभावकों को पेड़ की छांव, बाजार या आसपास की जगहों पर समय बिताने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।

परीक्षा केंद्रों के आसपास बनाए जा रहे कूलिंग जोन में उन्हें आराम करने की सुविधा मिलेगी।69 सरकारी और 28 केंद्रीय विद्यालयों में परीक्षा केंद्रदिल्ली में नीट के लिए कुल 97 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 69 सरकारी विद्यालय और 28 केंद्रीय विद्यालय शामिल हैं। जिला प्रशासन को सभी केंद्रों के आसपास व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा के दिन विद्यार्थियों और अभिभावकों को किसी तरह की परेशानी न हो।गर्मी से राहत के लिए पहले से चल रहा अभियानदिल्ली सरकार ने बताया कि राजधानी में गर्मी से राहत के लिए पहले से कई इंतजाम किए गए हैं।

अलग-अलग इलाकों में 85 शेड लगाए गए हैं, 15 कूलिंग जोन संचालित किए जा रहे हैं और 13 मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट लोगों तक राहत पहुंचा रही हैं। नीट परीक्षा के दौरान अभिभावकों के लिए की गई व्यवस्था को इसी अभियान का विस्तार बताया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा का सफल आयोजन ही नहीं, बल्कि इससे जुड़े हर व्यक्ति के अनुभव को बेहतर बनाना भी सरकार की जिम्मेदारी है। अभिभावक निश्चिंत रहेंगे तो विद्यार्थियों का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )