• Tue. Apr 21st, 2026

ग्रेटर नोएडा: बेसमेंट में जलभराव से निवासी परेशान

केंद्रीय विहार सोसाइटी के बेसमेंट में जलभराव होने से निवासी परेशान है। निवासियों का आरोप है कि बेसमेंट में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का दूषित एवं अशोधित पानी जमा है। जलभराव के कारण पूरे परिसर में तीव्र दुर्गंध फैल रही है। निवासियों ने बताया कि कई निवासियों के वाहन गंदे पानी में डूबे हुए हैं, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हो चुका है। साथ ही, दूषित जल के कारण संक्रमण, बीमारियों एवं जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है, जिससे बच्चों एवं बुजुर्गों को काफी परेशानी हो रही है।

निवासी ओमकार तिवारी ने बताया कि जनसुनवाई प्रणाली के माध्यम से शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा स्थल निरीक्षण भी किया गया था। उसके बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। आरोप है कि सोसाइटी में एसटीपी काम नहीं करता है। इसके साथ ही उसका संचालन मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा है। मुख्य ड्रेनेज नेटवर्क से उचित कनेक्टिविटी का अभाव भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि निवासियों की मांग है कि एसटीपी एवं ड्रेनेज प्रणाली का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कर उसे पूर्णत: कार्यशील बनाया जाए। एसटीपी आउटलेट को मुख्य नाले से उचित रूप से जोड़ा जाए। बिल्डर व डेवलपर एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )