दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह धुंध और कोहरे के साथ स्मॉग की मोटी चादर छाई हुई नजर आई, जिससे दृश्यता कम हुई और लोगों को सांस लेने व आंखों में जलन की समस्या हुई। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में एक्यूआई 500 के करीब जा पहुंचा है
राजधानी में हवा की धीमी गति और खराब मौसम के चलते रविवार को हवा इस साल की सबसे खराब श्रेणी में पहुंच गई। सुबह की शुरुआत धुंध और कोहरे से हुई और आसमान में स्मॉग की मोटी चादर के चलते दृश्यता भी कम रही। सांस लेने में हो रही दुश्वारी के बीच लोग मास्क पहने नजर आए। लोगों को आंख में जलन की दिक्कत भी हुई। वहीं, एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली के अनुसार, रविवार सुबह राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 462 दर्ज किया गया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के सुबह सात बजे को आंकड़ों के अनुसार, राजधानी दिल्ली के अलीपुर में एक्यूआई 439, आनंद विहार में एक्यूआई 491, अशोक विहार में 493, आया नगर में 447, बवाना में 495, बुराड़ी में 473, चांदनी चौक इलाके में 462 एक्यूआई दर्ज किया गया है।
वहीं, डीटीयू में 493, द्वारका सेक्टर 8 में 454, आईजीआई एयरपोर्ट टी3 इलाके में 411, आईटीओ में 482, जहांगीरपुरी में 495, लोधी रोड 401, मुंडका 486, नजफगढ़ में 411, पंजाबी बाग में 475, रोहिणी 499, विवेक विहार 495, सोनिया विहार 483, आरकेपुरम 472, वजीरपुर में 493 दर्ज किया गया है।