बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई के जुहू स्थित आवास के बाहर देर रात चार राउंड फायरिंग की घटना सामने आई। इस वारदात के बाद फिल्म इंडस्ट्री में हलचल तेज हो गई है। उनके घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं, फैंस भी उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं। अब इस मामले की जांच में अहम जानकारी सामने आई है।
ताजा अपडेट के मुताबिक, जिस समय घर के बाहर गोलियां चलाई गईं, उस वक्त रोहित शेट्टी अपने घर के भीतर ही मौजूद थे। मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाला शख्स अकेला था। घटना के बाद इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में एक व्यक्ति पैदल चलते हुए फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। मामले की आगे की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
क्राइम ब्रांच के सूत्रों का कहना है कि गैंगस्टर कनेक्शन की संभावना को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। मुंबई पुलिस कमिश्नर ने भी बिल्डिंग पर फायरिंग की पुष्टि करते हुए कहा है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच जारी है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें इलाके में तैनात पुलिस फोर्स नजर आ रही है। जिस स्थान पर फायरिंग हुई, वहां पुलिस लगातार जांच कर रही है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। रोहित शेट्टी ने अब तक इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
इस हमले ने एक बार फिर फिल्मी सितारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। रोहित शेट्टी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सफल निर्देशकों में गिने जाते हैं और ‘गोलमाल अगेन’, ‘सिंघम’, ‘दिलवाले’ और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ जैसी हिट फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।