• Thu. Oct 8th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

एंटीलिया केस में सचिन वझे पर NIA का बड़ा आरोप, हाई कोर्ट में बोली- उसी ने खड़ी की थी विस्फोटक वाली SUV

मुंबई के चर्चित एंटीलिया केस में पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वझे की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। जमानत के खिलाफ NIA की याचिका पर बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान जांच एजेंसी ने वझे को लेकर कई गंभीर दावे किए।

NIA का कहना है कि फरवरी 2021 में उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर जिस SUV में विस्फोटक मिले थे, उसे कथित तौर पर सचिन वझे ने खुद वहां खड़ा किया था। एजेंसी के मुताबिक, इस पूरी साजिश के पीछे उसका मकसद खुद की छवि सुधारकर दोबारा ‘सुपर कॉप’ के तौर पर पहचान बनाना था।

एजेंसी ने कोर्ट को बताया कि वझे कथित तौर पर चाहता था कि इस मामले की जांच उसके हाथ में आए। इसके बाद वह खुद ही केस को सुलझाने वाले अधिकारी के रूप में सामने आकर अपनी छवि मजबूत कर सके।

NIA ने कारोबारी मनसुख हिरेन की मौत को भी इसी कथित साजिश से जोड़ते हुए दावा किया कि वझे को डर था कि हिरेन इस मामले से जुड़ी जानकारी सामने ला सकता है। हिरेन का शव मार्च 2021 में ठाणे के पास एक खाड़ी में मिला था।

हालांकि, हाई कोर्ट ने NIA से यह भी सवाल किया कि आखिर उसके पास ऐसा कौन-सा ठोस सबूत है, जिससे यह साबित हो कि SUV को वझे ने ही एंटीलिया के बाहर पार्क किया था। कोर्ट ने एजेंसी से सबूतों के आधार पर पूरी कड़ी स्पष्ट करने को कहा।

यह मामला फरवरी 2021 में एंटीलिया के बाहर विस्फोटक से भरी SUV मिलने के बाद सामने आया था। इसके कुछ समय बाद मनसुख हिरेन की मौत ने मामले को और गंभीर बना दिया था। सचिन वझे को NIA ने मार्च 2021 में गिरफ्तार किया था।

फिलहाल बॉम्बे हाई कोर्ट में NIA की उस अपील पर सुनवाई चल रही है, जिसमें एजेंसी ने वझे को मिली जमानत को चुनौती दी है। कोर्ट ने फिलहाल जमानत पर रोक जारी रखी है और मामले की सुनवाई आगे भी जारी रहेगी।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)