महाराष्ट्र FDA को लेकर शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे को चिट्ठी लिखकर दावा किया कि कुछ अधिकारी होटल, रेस्टोरेंट और क्विक-कॉमर्स कंपनियों को लाइसेंस रद्द करने की धमकी देकर पैसे मांग रहे हैं।
राउत के मुताबिक, FDA की कार्रवाई के डर का फायदा उठाकर कुछ अधिकारी कारोबारियों से मोटी रकम मांग रहे हैं। उनका दावा है कि पहले ‘क्लोजिंग नोटिस’ के नाम पर करीब 10 से 12 हजार रुपये मांगे जाते थे, लेकिन अब यह रकम बढ़कर 75 हजार से 2 लाख रुपये तक पहुंच गई है।
उन्होंने FDA के बांद्रा और ठाणे कार्यालयों में कथित वसूली की जांच कराने की मांग की है। राउत ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी तय कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना लाइसेंस सस्पेंड करने की धमकी दे रहे हैं।
वहीं, FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने आरोपों पर कहा कि अगर किसी अधिकारी के खिलाफ ठोस सबूत हैं, तो उन्हें सामने लाया जाए या एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत की जाए। उन्होंने शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखने की बात भी कही।

