• Mon. Oct 5th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

ग्रेटर नोएडा: बंद कमरे से प्रेमी-प्रेमिका के शव मिलने से सनसनी

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब तुगलपुर इलाके में एक बंद कमरे से प्रेमी-प्रेमिका के शव बरामद हुए। कमरे से आ रही तेज बदबू ने इस सनसनीखेज घटना का खुलासा किया। पड़ोसियों को जब कई दिनों तक कमरे में कोई हलचल नजर नहीं आई और दुर्गंध बढ़ती गई, तो उन्होंने अनहोनी की आशंका जताते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। कमरे के भीतर युवक और युवती के शव पड़े हुए थे। युवती का शव बेड पर मिला, जबकि युवक का शव फंदे से लटका हुआ था। शवों की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना को कई दिन बीत चुके थे, जिसके चलते बदबू आसपास फैलने लगी थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों मृतक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले थे और तुगलपुर में किराए के कमरे में रह रहे थे। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आई है। 

पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की पहचान गुड्डू उर्फ गोलू और युवती की पहचान ज्योति के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर आशंका है कि युवक ने पहले युवती की गला दबाकर हत्या की और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं, ताकि घटना की हर पहलू से जांच की जा सके।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )