• Wed. Feb 18th, 2026

Shamli Encounter: मेरठ में कग्गा गैंग और पुलिस के बीच मुठभेड़, 1 लाख का इनामी सहित 4 बदमाश मारे गए

Report By : ICN Network
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में स्पेशल टास्क फोर्स ( एसटीएफ) और बदमाशों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई है। पुलिस की कार्रवाई में चार बदमाशों के मारे जाने की खबर है। इनमें से दो हरियाणा के रहने वाले हैं। वहीं एक लाख का इनामी अरशद सहारनपुर जिले के बाढ़ी माजरा का रहने वाला है। चौथे बदमाश की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है

सोमवार रात लगभग दो बजे एसटीएफ की मेरठ टीम ने शामली के झिंझाना क्षेत्र में मुस्तफा कग्गा गैंग के सदस्य अरशद और उसके तीन साथियों मंजीत, सतीश और एक अन्य बदमाश को घेर लिया। जब पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद, एसटीएफ ने जवाबी कार्रवाई की और गोलीबारी के दौरान अरशद समेत चार बदमाश मारे गए

एसटीएफ के एएसपी ब्रिजेश कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी अरशद समेत सभी बदमाशों की मौत हो गई। अरशद पर लूट, डकैती और हत्या के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे। मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ टीम का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर सुनील को पेट में तीन गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल इंस्पेक्टर सुनील को करनाल के अमृतधारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया

एसटीएफ टीम के अनुसार मारे गए बदमाशों में अरशद पुत्र जमील (गांव बाढ़ी माजरा, थाना गंगोह, सहारनपुर), मंजीत पुत्र मेहताब (गांव रोहट, थाना खरखौदा, सोनीपत, हरियाणा), और सतीश पुत्र राजसिंह (गांव अशोक विहार, थाना मधुबन, करनाल) शामिल थे। चौथे बदमाश की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। यह मुठभेड़ पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि कग्गा गैंग के खिलाफ कई आरोपों में मामला दर्ज था

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)