• Wed. Sep 16th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

ग्रेटर नोएडा: तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला

बीटा-2 थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर नवादा गोलचक्कर से डोमिनोज गोलचक्कर की तरफ जा रहे थे। अवध ग्रीन कट के सामने उनकी बाइक की कार से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस के मुताबिक हादसा बुधवार देर रात को हुआ। बाइक पर सचिन (19) निवासी हमीरपुर वर्तमान पता गांव ऐच्छर और मनीष (19) निवासी हमीरपुर वर्तमान पता ओमिक्रोन सवार थे।

दोनों युवक नवादा गोलचक्कर की तरफ से डोमिनोज गोलचक्कर की ओर जा रहे थे। जैसे ही बाइक अवध ग्रीन कट के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रही कार से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलने पर बीटा-2 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की।

दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने हादसे में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है। कार चालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय कार की गति कितनी थी और दुर्घटना किस परिस्थिति में हुई। वहीं एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )