• Sun. Sep 27th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

गर्मियों में ट्रेनों की देरी और भीड़ ने यात्रियों की बढ़ाई परेशानियाँ

Report By : ICN Network

गर्मियों की छुट्टियों के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और बिहार जैसे राज्यों की ओर जाने वाली कई ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

धनबाद से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से धनबाद की गरीब रथ ट्रेन दोनों ही ओर से 8 घंटे तक की देरी से चल रही है। वहीं भटिंडा से वाराणसी और वाराणसी से भटिंडा की समर स्पेशल ट्रेनें भी 5 घंटे तक लेट हैं। अमृतसर जाने वाली आम्रपाली एक्सप्रेस और शहीद एक्सप्रेस 4 घंटे की देरी से आ-जा रही हैं। प्रयागराज से सहारनपुर की ऊंचाहार एक्सप्रेस और चंडीगढ़ से वाराणसी की समर स्पेशल ट्रेनें भी 3 घंटे लेट हैं। जनसेवा एक्सप्रेस, जननायक एक्सप्रेस, अवध आसाम एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस और दुर्गियाना एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें 2 घंटे तक की देरी से चल रही हैं।

यात्रियों की बढ़ती संख्या और ट्रेनों पर अधिक दबाव के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। हालांकि रेलवे द्वारा समर स्पेशल ट्रेनों की सुविधा दी गई है, लेकिन वह भी पर्याप्त नहीं साबित हो रही। किराया सामान्य से डेढ़ गुना होने के बावजूद अधिकतर ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट खत्म नहीं हो रही।

स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियाँ शुरू होने के बाद लोग बच्चों के साथ छुट्टियों में यात्रा कर रहे हैं, जिससे ट्रेनों में भीड़ का स्तर और बढ़ गया है। कुछ मार्गों पर क्लोन ट्रेनों को चलाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।

इस समय ट्रेन में सफर करने की योजना बनाने वालों को सलाह दी जा रही है कि वे पहले से आरक्षण कर लें और समय पर ट्रेनों की स्थिति की जानकारी रखें।


By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)