• Tue. Sep 15th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

ग़ाज़ियाबाद: शहर में तीन, देहात क्षेत्र में पांच घंटे तक आपूर्ति बाधित रही

बारिश और तेज हवा के बाद बृहस्पतिवार को शहर में तीन, देहात क्षेत्र में पांच घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। शास्त्रीनगर महेंद्रा एन्क्लेव इलाके में दो बजे के करीब नीम के पेड़ की साख टूटकर बंद लाइन पर गिर गई। कई घरों की आपूर्ति के लिए जाने वाली लाइन को नुकसान पहुंचा। सूचना पाकर नगर निगम और ऊर्जा निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पेड़ हटाने का काम शुरू किया। करीब तीन घंटे बाद आपूर्ति को बहाल कराया गया।बारिश के बाद शहर और देहात के अधिकांश इलाकों की आपूर्ति निगम ने काट दी। राजनगर समेत शहर के कई इलाकों में ट्रांसफार्मर के जंपर उड़ गए। ऊर्जा निगम के कर्मचारियों को जैसे-जैसे शिकायत मिलीं, उनको सही कराने की कार्रवाई शुरू कराई गई। संजय नगर के अंशुल गुप्ता ने बताया कि संजयनगर ए ब्लॉक मेंं दो बजे बिजली चली गई। छह बजे तक भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। स्थानीय अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया।

बेहटा हाजीपुर लोनी के जावेद अली ने बताया कि स्थानीय लोगों को चार घंटे तक बिना बिजली के समय गुजारना पड़ा। बृहस्पतिवार को इतनी तेज हवा भी नहीं थी। भोजपुर के अकरम ने बताया कि दोपहर दो बजे बिजली गई और रात सात बजे तक लोगों के बिजली के दर्शन नहीं हुए। जेई और एसडीओ को फोन किया गया, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। बाद में उच्चाधिकारियों के दखल पर आपूर्ति सुचारु हुई। इतना समय तब लग गया, जब मामूली फाॅल्ट था।-210 करोड़ से दुरुस्त होगी बिजली व्यवस्था : 2026-2027 के लिए तैयार किए गए 210 करोड़ के बिजनेस प्लान को लखनऊ मुख्यालय से मंजूरी मिल गई है। जोन दो के मुख्य अभियंता नरेश भारती ने बताया कि लाइनों और खंभों को बदलने, मौजूदा ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, नए फीडर और बिजली घरों का निर्माण कार्य नए बिजनेस प्लान में कराए जाएंगे। इन कार्यों को जल्द गति दी जाएगी।

भूमिगत लाइनों पर भी काम होगा। नए बिजनेस प्लान में इसका ध्यान रखा गया है कि आने वाले समय में कितना लोड और बढ़ जाएगा। पिछले वित्तीय वर्ष में 220 करोड़ के बिजनेस प्लान को मंजूरी मिली थी। ये कार्य इस वक्त चल रहे हैं। अधिकांश कार्य पूरे भी हो चुके हैं। जो कार्य गतिमान हैं, उनको जल्द पूरा कराया जाएगा।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )