• Tue. Sep 22nd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

गौतम बुद्ध नगर: स्वच्छ भारत मिशन फेज-2 (ग्रामीण) के तहत जिला स्वच्छता समिति की बैठक सम्पन्न

Report By : ICN Network

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के अंतर्गत जिला स्वच्छता समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की शुरुआत में जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेन्द्र सिंह द्वारा पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से अब तक की गई प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने SLWM (सॉलिड एंड लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट) के अंतर्गत आरआरसी सेंटर, सामुदायिक खाद एवं सोकता गड्ढे, ई-रिक्शा, सिल्ट कैचर एवं फिल्टर चैंबर जैसे कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी ग्राम पंचायतों में कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वर्ष 2025-26 के लिए शासन से प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप शौचालय विहीन पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए। सामुदायिक शौचालय निर्माण पर चर्चा करते हुए बताया गया कि 82 ग्राम पंचायतों में से 62 में कार्य पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने शेष ग्राम पंचायतों में भी शीघ्र भूमि चयन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने समीक्षा में पाया कि ग्राम पंचायत जारचा एवं खटाना धीरखेड़ा में गोवर्धन योजना के अंतर्गत बायोगैस प्लांट, तथा जारचा में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट की स्थापना की जा चुकी है। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम प्रधानों से समन्वय कर इन इकाइयों का शीघ्र संचालन सुनिश्चित किया जाए।

साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि सभी पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायक रोस्टर के अनुसार कार्य करें। जिलाधिकारी ने ग्रामों की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं समय-समय पर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र में फैल रही वेक्टर जनित बीमारियों से लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायत को मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाए।

बैठक का सफल संचालन जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेन्द्र सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, अन्य संबंधित अधिकारीगण, जिला पंचायत सदस्य तथा ग्राम प्रधानगण उपस्थित रहे।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)