• Tue. Sep 29th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

उर्वशी रौतेला की टीम का AI कंपनी पर एक्शन का दावा, 7,000 करोड़ रुपये हर्जाने की बात

बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला की टीम ने लॉस एंजिल्स की एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का दावा किया है। टीम का आरोप है कि कंपनी ने एक्ट्रेस के नाम, तस्वीरों और वीडियो का बिना अनुमति इस्तेमाल किया।

टीम के मुताबिक, उर्वशी की पहचान और उनके कंटेंट का कथित तौर पर व्यावसायिक इस्तेमाल किया गया। इसी मामले में कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं और संभावित नुकसान का अनुमान करीब 7,000 करोड़ रुपये बताया गया है।

उर्वशी की टीम ने साफ कहा है कि एक्ट्रेस के नाम, फोटो या उनकी जैसी दिखने वाली डिजिटल इमेज का इस्तेमाल किसी भी बिजनेस या कमर्शियल काम के लिए उनकी अनुमति के बिना नहीं किया जाना चाहिए।

IANS को दिए बयान में टीम ने आरोप लगाया कि संबंधित कंपनी ने उर्वशी के नाम और कंटेंट का इस्तेमाल करके बड़े स्तर पर कमाई की। टीम ने कहा कि वह कंपनी के खिलाफ उचित कानूनी प्रक्रिया अपना रही है, जिसमें हर्जाने की मांग भी शामिल है।

टीम ने अपने बयान में यह भी कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी AI कंपनी या ब्रांड बना सकता है, लेकिन उर्वशी रौतेला के नाम और पहचान को किसी बिजनेस से जोड़ने से पहले जरूरी अनुमति लेना अनिवार्य है।

उर्वशी की टीम ने सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर एक नोट शेयर किया। इसमें दोहराया गया कि कंपनी पर बिना अनुमति एक्ट्रेस की तस्वीरों, वीडियो और नाम के इस्तेमाल का आरोप है और इसी वजह से कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उर्वशी ने AI से बनाए जा रहे वीडियो और वॉयस डबिंग को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि AI के जरिए किसी के बयान या आवाज को बदलकर गलत तरीके से पेश किया जा सकता है। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि आजकल कई लोगों के AI वीडियो बनाए जा रहे हैं और वह भी इसका हिस्सा रह चुकी हैं।

फिलहाल, 7,000 करोड़ रुपये के हर्जाने का आंकड़ा उर्वशी रौतेला की टीम की ओर से बताया गया अनुमान है। मामले में आगे कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्थिति और स्पष्ट होगी।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)