दुबई में प्याज निर्यात कराने का झांसा देकर आरोपियों ने 2.52 करोड़ रुपये ले लिए, लेकिन न तो माल का निर्यात कराया और न ही रकम वापस की। सेक्टर-6 स्थित निर्यात फर्म के प्रतिनिधि की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद थाना फेज-1 पुलिस ने निजी कंपनी और उससे जुड़े चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
दिल्ली निवासी गुलशन सिंह ने कोर्ट में अर्जी दी है कि वह सेक्टर-6 स्थित ओमेगा वर्ल्ड ट्रेडिंग प्रोपराइटरशिप की ओर से कानूनी कार्रवाई करने के लिए अधिकृत हैं। 2024 में एग्रोप्रिनयोर्स मार्केट टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने उनसे संपर्क कर दुबई में बड़े स्तर पर प्याज निर्यात कराने का प्रस्ताव रखा। आरोप है कि कंपनी के निदेशक और अन्य पदाधिकारियों ने 2 करोड़ 52 लाख 100 रुपये लिए, लेकिन निर्यात की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई। शिकायतकर्ता का कहना है कि बाद में जानकारी मिली कि संबंधित कंपनी पर अन्य कारोबारियों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी के आरोप हैं। उन्होंने बताया कि रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

