जगत फार्म में महिला की चेन लूटने वाले बदमाश को रविवार रात मुठभेड़ में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और साथी चकमा देकर फरार हो गया। गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ विभिन्न कोतवाली में 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के अनुसार, रविवार रात पुलिस टीम ओमेक्स गोलचक्कर के पास वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान अपाचे बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखे। रुकने का इशारा करने पर दोनों बाइक मोड़ कर भागने लगे।
पीछा करने पर बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। जबकि अंधेरे के कारण दूसरा बदमाश भाग निकला। घायल बदमाश की पहचान सोनू श्रीवास्तव निवासी घटकना, थाना मौदहा, जनपद हमीरपुर के रूप में हुई।
वर्तमान में वह भंगेल में रह रहा था। बदमाश के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक और लूटी गई चेन बरामद की है। बताया पुलिस दूसरे साथी को पकड़ने के लिए कॉम्बिंग कर रही है