मूलरूप से हापुड़ की इंद्रलोक कॉलोनी के रहने वाले इंजीनियर उमेश शर्मा पत्नी दीपशिखा और एक बेटी के साथ ओरा काइमेरा सोसायटी के एम-105 फ्लैट में रहते हैं। उनकी पत्नी दीपशिखा (48) एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं। उमेश शर्मा का इसी सोसायटी में एक अन्य फ्लैट एफ-506 है, जिसे 18 हजार रुपये प्रति माह किराये पर संजयनगर के रहने वाले ट्रांसपोर्टर जय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति गुप्ता को एक वर्ष पूर्व दिया गया था। बुधवार की रात करीब आठ बजे दीपशिखा पांच माह का बकाया किराया मांगने किरायेदार जय गुप्ता के फ्लैट में गई थीं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जय की किडनी खराब होने से उनका कार्य ठीक से नहीं चल रहा है। किराये को लेकर बातचीत के बीच दीपशिखा का दोनाें से विवाद हो गया। विवाद मारपीट में बदल गया और बचाव में दीपशिखा ने जय गुप्ता के हाथ पर काट लिया। इस पर आकृति ने दीपशिखा के गले में दुपट्टा डालकर खींचा और जय ने प्रेशर कुकर से उसके सिर पर हमला कर दिया। दंपती ने घायल दीपशिखा को जमीन पर गिराकर उनका गला दबाकर हत्या कर दी। शव सूटकेस में डाल बेड के नीचे छिपाया
हत्या के बाद आरोपी दंपती ने शव को घर में रखे लाल रंग के सूटकेस में बंदकर अपने बेड के नीचे छिपा दिया। काफी देर तक जब दीपशिखा अपने घर नहीं लौटी तो घरेलू सहायिका मिनी जय गुप्ता के फ्लैट पर पहुंची और मालकिन की बाबत पूछताछ की। दंपती ने कहा कि दीपशिखा आई थीं और चली गई हैं। इस दौरान घरेलू सहायिका को जमीन पर खून के धब्बे दिख गए। उसने जाते समय फ्लैट का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर शोर मचाया। दीपशिखा के पति उमेश शर्मा और अन्य लोगों को भी मौके पर बुला लिया। तलाशने पर दीपशिखा का शव सूटकेस में मिला।
भागने की फिराक में थे आरोपी, सामान कर लिया था पैक हत्या के बाद आरोपियों ने शव को छिपाने के बाद सब कुछ सामान्य करने का प्रयास किया। मिनी जब फ्लैट पर पहुंची तो कुछ सामान बिखरा दिखाई दिया। आरोपी सामान पैकिंग कर रहे थे और भागने के फिराक में थे। सोसायटी के लोगों ने सख्ती से जय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति से पूछताछ की और वीडियो भी बनाई। हत्यारोपी अजय गुप्ता ने बताया कि दीपशिखा ने तकादा करके उनका जीना मुहाल कर दिया था। एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि बकाया किराया मांगने पर किरायेदार दंपती ने दीपशिखा की हत्या करना स्वीकार किया है। आरोपियों के बेड के नीचे से ही सूटकेस में शव बरामद कर लिया गया है। दीपशिखा के पति उमेश की शिकायत पर हत्यारोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया गया है।

