कस्बे में शनिवार को हुई टेलर की मौत के बाद रविवार को परिजनों ने पुलिस चौकी के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। मुआवजे की मांग को लेकर परिवार बीएल चौराहे पहुंचे और बीच सड़क पर शव रखकर धरने पर बैठ गए। इससे चौराहे पर जाम लग गया। कई घंटे तक हंगामा चलता रहा और पुलिस लोगों को समझाने की कोशिश करती रही।
पीरवाला निवासी बबलू (48) दिल्ली में टेलर का काम करते थे। वह शनिवार दोपहर को दनकौर में अपने घर के पास खड़े हुए थे। इस दौरान ईंटों से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर सौंप दिया। रविवार को पोस्टमार्टम से शव मिलने के बाद परिवार के लोग सीधे चौकी पहुंचे और मुआवजे की मांग के साथ धरना शुरू कर दिया।
धरना दे रहे लोगों का कहना था कि घटना के 24 घंटे बीत चुके हैं लेकिन पुलिस आरोपी चालक को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। लोगों ने शव रखकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परिजन धरने पर बैठ गए। इलाके के सैकड़ो लोग भी परिवार के साथ मौजूद रहे। हंगामे की सूचना पर थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन लोगों ने उनकी बात भी नहीं सुनी और अपनी मांगों पर अड़े रहे। पोस्टमार्टम के बाद परिवार के लोग दोपहर में ही धरना स्थल पर पहुंच गए थे। लोग शव रखकर धरने पर बैठे हुए थे और आरोपी की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग कर रहे थे। खबर लिखी जाने तक लोगों का धरना जारी था।
शादी में शामिल होने घर आए थे बबलू
बबलू के परिवार में शुक्रवार को शादी थी। इसी में शामिल होने के लिए वह दिल्ली से अपने घर आए थे। शनिवार दोपहर को अपने घर के बाहर खड़े हुए थे। इस दौरान वहां से गुजर रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से भाग गया था।
आर्थिक रूप से कमजोर है परिवार
धरने पर बैठे लोगों को थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने समझाने की कोशिश की। उनके समझाने पर भी परिजन नहीं माने और मुआवजे की मांग पर डटे रहे। लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतक अपने परिवार का अकेला कमाने वाला था। परिवार में मृतक की पत्नी और चार बच्चे हैं। परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर है। इसीलिए उन्हें मुआवजा या आर्थिक मदद मिलनी चाहिए। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि लोग मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। उन्हें समझाने की कोशिश की जा रही है। केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा

