कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर गाड़ी से जा रहे कंपनी के दो कर्मचारियों को रोककर उनसे दो लाख रुपये व दो मोबाइल लूट लिए। यह घटना शुक्रवार शाम को सेक्टर-62 अंडरपास में हुई। घटना के बाद बदमाश गाड़ी की चाबी लेकर भाग गए। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कविनगर, गाजियाबाद निवासी नवल किशोर ने पुलिस से शिकायत की है कि वह ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक प्राइवेट कंपनी में अकाउंटेंट है। वह अपनी कंपनी की कार व चालक के साथ दिल्ली गया था। शुक्रवार सुबह उसे दिल्ली में कंपनी का भुगतान लेना था। कंपनी की गाड़ी को ओमपाल नामक चालक चला रहा था। 12 दिसंबर की शाम चार बजे वह गाड़ी से दो लाख रुपये का भुगतान लेकर नोएडा आ रहा था। जब वह सेक्टर-62 अंडरपास में पहुंचा तो पीछे से एक कार के चालक ने तेज गति से ओवरटेक करते हुए उन्हें रोक लिया। कार से चार बदमाश बाहर उतरे और कहने लगे कि तुम पीछे कुछ झगड़ा करके आए हो। उन्होंने डिग्गी खुलवाकर जांच कराने के लिए। नवल किशोर और चालक ओमपाल दोनों गाड़ी से नीचे उतरकर उन्हें डिग्गी की जांच कराने लगे, तभी एक बदमाश ने पिस्टल निकाल ली। गाड़ी की आगे की सीट के नीचे रखा दो लाख रुपये से भरा बैग, दो मोबाइल फोन और चाबी निकाल ली। इसके बाद चारों बदमाश भाग गए।
वहीं पुलिस का कहना है कि इस घटना की सूचना छह घंटे बाद पुलिस को दी गई। जिस वक्त यह घटना हुई, वहां से सैकड़ों वाहन गुजर रहे थे। एसीपी उमेश कुमार का कहना है कि इस मामले में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। पुलिस की टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

