• Mon. Aug 24th, 2026

ग्रेटर नोएडा: हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया अंतिम चरण में चल रही

यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया अंतिम चरण में चल रही है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देश पर जिले के 175 विद्यालयों के भौतिक सत्यापन के लिए तहसील स्तर पर तीन टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, राजकीय हाईस्कूल और इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को शामिल किया गया है। ये टीमें विद्यालयों का मौके पर निरीक्षण कर पोर्टल पर दर्ज सूचनाओं का मिलान करेंगी।डीआईओएस चंद्रशेखर ने बताया कि समिति माध्यमिक विद्यालयों की स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच करते हुए त्रुटि सहित जांच आख्या सात दिन के अंदर देगी। उसके बाद उसे जिलाधिकारी को प्रेषित किया जाएगा। समिति अपने फोन में डाउनलोड किए एपीआइ युक्त मोबाइल एप पर अपनी आइडी एवं पासवर्ड से लॉगिन कर विद्यालय प्रांगण में पहुंचेंगे।

वहां विद्यालय का स्पष्ट नाम सहित एक फोटो खींचकर प्रदर्शित करेंगे। टीमें विद्यालयों में सीसीटीवी, मजबूत चहारदीवारी, फर्नीचर, पेयजल, शौचालय, बिजली और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का सत्यापन कर रही हैं। निरीक्षण पूरा होने के बाद सभी टीमें अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपेंगी, जिसके आधार पर परीक्षा केंद्रों का अंतिम प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण आनलाइन प्रक्रिया से कराया जाएगा। बीते सत्र शैक्षिक सत्र में 61 केद्रों का निर्धारण किया गया था।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )