ग्रेटर नोएडा के सेंट्रल नोएडा में श्रावण शिवरात्रि मेला, श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। सोमवार को थाना बादलपुर क्षेत्र में टीथर्ड ड्रोन की तैनाती कर संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी शुरू की गई। ड्रोन के माध्यम से पुलिस कंट्रोल रूम और तकनीकी टीम लगातार लाइव फुटेज पर नजर बनाए हुए है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, टीथर्ड ड्रोन को ऐसे स्थानों पर लगाया गया है, जहां कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ रहती है। ड्रोन की सहायता से पूरे क्षेत्र की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि, भीड़ प्रबंधन से जुड़ी समस्या या सुरक्षा संबंधी चुनौती की तत्काल जानकारी मिल सके। इसके साथ ही ड्रोन द्वारा वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर फुटेज का विश्लेषण कर त्वरित कार्रवाई की जा सके। श्रावण मास में शिवालयों और कांवड़ मार्गों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए पुलिस पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है।
ड्रोन निगरानी के अलावा प्रमुख मार्गों, चौराहों और मंदिरों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल, यातायात पुलिस तथा अन्य सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस का कहना है कि ड्रोन निगरानी के जरिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नजर रखने में मदद मिलेगी।

