• Sat. May 9th, 2026

ग्रेटर नोएडा: 130 मीटर रोड पर ही रोजा रोटरी के पास सड़क होगी चौड़ी

ग्रेटर नोएडा में 130 मीटर रोड पर तिलपता रोटरी पर जाम में फंसने वाले वाहनों को राहत मिल सकती है। इसके लिए 130 मीटर रोड पर एक यूटर्न ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण बनाएगा। इसके अलावा रोजा रोटरी पर भी वाहनों की आवाजाही सुगम करने के लिए यहां सड़क को चौड़ा किया जाना है।
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक 130 मीटर रोड को तिलपता रोटरी से दादरी-सूरजपुर रोड क्रॉस करती है। यहां भारी वाहनों का दबाव पूरे दिन रहता है। इसकी वजह से पूरे दिन जहां हैवी ट्रैफिक रहता है। वहीं शाम के समय लंबा जाम लगता है। इस जाम से राहत देने के लिए पिछले दिनों एक यूटर्न का ट्रायल पुलिस के साथ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने किया था। अब यहां स्थायी यूटर्न बनाया जाएगा। इस पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होंगे। यूटर्न से ग्रेटर नोएडा की तरफ से दादरी जाने वाले वाहन आगे से घूमकर जा सकेंगे। वहीं रोजा रोटरी पर सड़क की चौड़ाई एक लेन और बढ़ेगी। इससे वाहनों का निकलना वहां से आसान होगा। करीब तीन महीने में 130 मीटर पर इन दोनों जगह का काम पूरा कर लिया जाएगा।
इसके अलावा 43 करोड़ रुपये से दूसरे काम भी प्राधिकरण क्षेत्र में शामिल गांव और अलग-अलग सेक्टरों में कराए जाने हैं। इनमें हल्दौनी के श्मशान घाट तक पहुंच मार्ग, सेक्टर पी-3 बिल्डर्स एरिया में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का नवीनीकरण, नॉलेज पार्क-1 में आंतरिक सड़कों की रिसर्फेसिंग, सेक्टर पी-3 बिल्डर्स एरिया में 24 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों तरफ ग्रास पेवर ब्लॉक लगाने, सूरजपुर में किसान आबादी भूखंडों में सड़क रिसर्फेसिंग, सेक्टर ज्यू -2 में सभी पार्कों में विकास, जैतपुर- वैशपुर को आदर्श ग्राम बनाए जाने के लिए जलापूर्ति पाइपलाइन को जोड़े जाने व पंप हाउस का मेंटेनेंस जैसे काम होने हैं। जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया को एक माह में पूरा कर कार्यों को तय समय में कराया जाएगा

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )