• Mon. Jul 27th, 2026

नोएडा: अधिकारियों को घुमाकर उखड़ी और गंदे पानी से भरी सड़कें दिखाईं

शिकायतों और प्रार्थनापत्रों का लंबे समय तक कोई असर नहीं होने पर सेक्टर-49 स्थित बरौला गांव के लोगों का सोमवार को आखिरकार सब्र जवाब दे गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घरों से निकलकर भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे एकत्र हुए और नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में महीनों से सीवर लाइनें चोक पड़ी हैं। जगह-जगह सीवर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। वहीं उखड़ी और बदहाल सड़कें परेशानी को और बढ़ा रही हैं।प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्कल-3 के प्रभारी आरके शर्मा, वर्क सर्कल-8 के प्रभारी रोहित कुमार और जलखंड-3 के प्रभारी पीसी सेन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के पहुंचते ही ग्रामीणों ने उन्हें गांव के अंदर ले जाकर बदहाल सड़कों, चोक सीवर लाइनों और गंदे पानी से लबालब भरी गलियों का दौरा कराया।

इस दौरान लोगों ने अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए साफ चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे जल्द ही नोएडा प्राधिकरण कार्यालय का घेराव करेंगे।किसान संगठन भी हुए शामिल : गांव के निवासियों की आवाज उठाने के लिए किसान संगठन भी शामिल हुए। गांव निवासी भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि ग्रामीणों ने अधिकारियों को एलिवेटेड के नीचे मेन रोड, जूस कॉर्नर डीएससी रोड से चौहान चौपाल तक के मुख्य मार्ग दिखाए। उन्होंने अंदर की गलियों, सीवर, नाले और जलभराव वाली जगहों का भी मौके पर मुआयना कराया। हर तरफ कीचड़, गंदा पानी और टूटी सड़कें देखकर अधिकारी भी असहज हो गए।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )