साइबर जालसाजों ने शेयर बाजार में निवेश कर कम समय में अधिक कमाई का झांसा देकर दो लोगों से करीब 43 लाख रुपये की ठगी कर ली। दोनों मामलों में जालसाजों ने पहले कम निवेश पर लाभ देकर विश्वास जीत लिया। इसके बाद दोनों से अलग-अलग खातों ने रकम जमा करा ली। दोनों मामलों में साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी में रहने वाले शख्स ने पुलिस से शिकायत की है कि अगस्त 2025 में एक महिला ने स्वयं को निवेश सलाहकार बताते हुए संपर्क किया और वॉट्सएप ग्रुप में जोड़कर ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए बेहतर रिटर्न का भरोसा दिलाया।
भरोसा होने के बाद उन्होंने 29 अगस्त से 9 सितंबर 2025 के बीच 13.58 लाख रुपये बैंक खातों में भेज दिए। जब उन्होंने निवेश की राशि वापस लेने की कोशिश की तो बहाने बनाए जाने लगे और भुगतान नहीं किया गया। धोखाधड़ी होने का संदेह होने पर उन्होंने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
सेक्टर-22 निवासी शख्स ने पुलिस को बताया कि दिसंबर में सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया और शेयर बाजार में निवेश से अधिक लाभ कमाने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद व्हाट्सएप पर निवेश संबंधी जानकारी और कथित प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद उन्होंने ठगों के बैंक खातों में 29.40 लाख रुपये जमा कर दिए। जब उन्होंने निवेश और लाभ की रकम निकालने की प्रक्रिया शुरू की तो ठगों ने अतिरिक्त 10 प्रतिशत राशि जमा करने की शर्त रख दी। असमर्थता जताने पर ठगों ने संपर्क समाप्त कर लिया।

