• Mon. Oct 19th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

UP-इस्कॉन नोएडा मंदिर में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़,मंदिर को सजाया व दियो से जगमगाया गया

यूपी के नोएडा में भी अयोध्या धाम में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में इस्कॉन नोएडा मन्दिर में विशेष उत्सव का आयोजन किया गया। पूरे मन्दिर को सुन्दर ढंग से सजाया गया । श्री श्री राधा गोविन्द देव का भगवान श्रीरामचन्द्र के रूप में धनुष बाण सहित अपनी आह्लादिनी शक्ति श्रीमती सीता देवी के साथ शृंगार किया गया था। भक्त भगवान के राम रूप के दर्शन करके आनन्द विभोर हो गए।

दिन भर मन्दिर सियावर रामचन्द्र की जय, हमारे राम आए हैं के नारों से गूँजता रहा है। ऐसा प्रतीत होता था मानो इस्कॉन नोएडा में ही श्री अयोध्या धाम प्रकट हो गया हो। पूरे दिन भर राम भक्तों का तांता लगा रहा। पूरे दिन भर सभी श्रद्धालुओं ने अत्यन्त उत्साह के साथ श्रीराम नाम के संकीर्तन में भाग लिया।

विशेष रूप से इस्कॉन नोएडा के सह अध्यक्ष श्रीमान वंशीधर प्रभुजी के श्रीराम नाम कीर्तन ने लोगों में विशेष उत्साह का संचार कर दिया। पूरे दिनभर इस्कॉन की फूड फॉर लाइफ योजना के अन्तर्गत प्रसादम वितरित किया गया, जिसे सभी ने अत्यन्त श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। सांयकाल में भगवान को विशेष आरती अर्पित की गई तथा पूरे मन्दिर को रोशनी एवं 5000 दियों से अलंकृत किया गया।

इस अवसर पर मन्दिर आने वाले श्रद्धालुओं को रामायण एवं श्रीमद भगवदगीता इत्यादि ग्रन्थों का वितरण भी किया गया। नोएडा का प्रमुख मन्दिर होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पूरी चाक चौबन्द रही। मन्दिर आने वाले सभी श्रद्धालुओं को मेटल डिटेक्टर से होकर हो मन्दिर में प्रवेश दिया गया तथा महिलाओं के लिए अलग से महिला गार्ड की व्यवस्था की गई थी। इसके अतिरिक्त नोएडा पुलिस की टीम भी मन्दिर एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैनात की गई थी। कुल मिलाकर उत्सव अत्यन्त शान्तिपूर्ण एवं उल्लासपूर्वक सम्पन्न हुआ।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )